‘सांप्रदायिकता के खिलाफ मुखर आवाज’, शशि थरूर ने की राहुल गांधी की जमकर तारीफ, जानें क्या कहा?
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सांप्रदायिकता के खिलाफ मुखर आवाज हैं. थरूर की ओर से बयान तब आया है, जब हाल ही में उन्होंने नेता विपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से दिल्ली में मुलाकात की है.
थरूर ने शुक्रवार (30 जनवरी, 2026) को कांग्रेस की टॉप लीडरशिप के साथ अपने तल्ख संबंधों की अटकलों को पूरी तरह से खारिज करते हुए राहुल गांधी की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में सांप्रदायकिता के खिलाफ एक मुखर आवाज हैं. उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी को नहीं छोड़ेंगे. थरूर ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे मेरे दो नेता हैं. इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुई कोच्चि महापंचायत के बाद विवाद को कम करके आंका.
केरल विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बना रहे थरूर
केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने पार्टी में एकता को लेकर एक बड़ा संदेश दिया है, जहां राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ पी. विजयन के नेतृत्व वाली मौजूदा LDF सरकार को सत्ता से हटाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है. थरूर ने इस मौके पर कहा कि वे केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य के कुल 140 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक रूप से प्रचार करने की योजना पर काम कर रहे हैं.
मतदाताओं तक सही संदेश पहुंचना है जरूरीः थरूर
कांग्रेस सांसद ने केरल में अपने चुनाव प्रचार की योजनाओं के बारे में एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि लोग इस बात को पूरी तरह से नजरअंदाज कर देते हैं कि पिछले कई चुनावों में मैंने राज्य के 56 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया था. यह नहीं बदलेगा. मुझे उम्मीद है कि इस बार इस लिस्ट में कुछ और विधानसभा क्षेत्रों के नाम शामिल हो जाएंगे.
उन्होंने कहा कि यह बहुत जरूरी है कि हम मतदाताओं तक जो उचित संदेश है, वो पहुंचाएं और इससे लोगों की जिंदगी पर महत्वपूर्ण असर डालने का मौका हासिल करें.
राहुल गांधी को लेकर क्या बोले शशि थरूर?
इस दौरान शशि थरूर ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ एक ईमानदार और मजबूत आवाज करार दिया. उन्होंने कहा कि मैं इसे सकारात्मक रूप से देखता हूं कि सभी मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक तरीके से चर्चा करने का मौका है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में हम सभी सहकर्मी एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं. ये मेरे दो नेता हैं- पहले कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और दूसरे संसद में मेरे सदन में विपक्ष के नेता हैं. हम सभी एक साथ मिलकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः ‘मेरा जीवन बर्बाद कर दिया,’ 2 लोग लगातार कर रहे थे प्रताड़ित, महिला कांस्टेबल ने चुनी मौत