लौट रही ठंड, 4 राज्यों में बारिश की चेतावनी, बिजली भी गिरेगी, दिल्ली-यूपी में कैसा मौसम, पढ़ें IMD की चेतावनी
देश में ठंड कम होने के बाद अब कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जनवरी से फिर से बारिश की संभावना जताई है. तेज बारिश के चलते सुबह के समय का तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा, जिससे फिर से कंपकंपी बढ़ने वाली है. राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है. तेज बारिश के साथ ही 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चलेगी.
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में 31 जनवरी और 1 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में 1 फरवरी को कई जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में खतरनाक शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज गुरुवार (29 जनवरी) को सुबह शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है. शीतलहर के दौरान 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. राजधानी में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
यूपी में आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में इस समय वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर दिखाई पड़ रहा है. इसके कारण मौसम में बदलाव और अस्थिरता बनी हुई है. 28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई और पछुआ हवा के चलते गलन महसूस की गई. मौसम विभाग के मुताबिक आज भी इसका प्रभाव महसूस किया जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है.
बारिश होने से गिरा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के कुछ जिलों में शीतलहर जैसा प्रभाव दिख सकता है क्योंकि तापमान सामान्य से कम रहेगा. बताया जा रहा है कि मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की धूप के साथ ठंड बनी रह सकती है लेकिन रात में तापमान और नीचे गिर सकता है. हाल ही में हुई बारिश के कारण नमी बढ़ने और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलने से रात का पारा गिर सकता है. मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
बिहार का मौसम
बिहार की बात करे तों मौसम विभाग पटना के मुताबिक आज 5 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा. जिन जिलों में घने कोहरे छाए रहने की चेतावनी है, उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सिवान और गोपालगंज हैं. इस सप्ताह बिहार में बारिश की किसी तरह की संभावना नहीं है. हालांकि तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है.
ये भी पढ़ें
‘जाति और धर्म के नाम पर बांटकर…’, UGC के नए नियम पर क्या बोले आचार्य प्रमोद कृष्णम?