टी-20 वर्ल्ड कप वॉर्मअप; भारत ने साउथ अफ्रीका को हराया:नामीबिया 6 रन से जीता, अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को 23 रन से हराया




पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का नौवां वॉर्मअप मैच रद्द हो गया। कोलंबो स्टेडियम में बारिश की वजह से टॉस भी नहीं हो सका। वहीं 7वें मैच में नामीबिया ने स्कॉटलैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 6 रन से जीत दर्ज की। 8वें मैच में अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को 23 रन से हरा दिया। साउथ अफ्रीका को होम टीम इंडिया ने 30 रन से हरा दिया। भारत ने साउथ अफ्रीका को हराया
नवी मुंबई के DY पाटील स्टेडियम में भारत ने अपने इकलौते वॉर्म-अप मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने 240 रन बना दिए। ईशान किशन ने 20 गेंद पर फिफ्टी लगाई। तिलक वर्मा ने 45, हार्दिक पंड्या ने 30, अक्षर पटेल ने 35, अभिषेक शर्मा ने 24 और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 30 रन बनाए। साउथ अफ्रीका से मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्या और क्वेन मफाका ने 1-1 विकेट लिया। 241 रन के टारगेट के सामने साउथ अफ्रीका ने पहले ही ओवर में जॉर्ज लिंडे का विकेट गंवा दिया। कप्तान ऐडन मार्करम ने फिर 38 रन बनाए। रायन रिकेल्टन ने 44, जैसन स्मिथ ने 35, मार्को यानसन ने 31 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 45 रन बनाए। टीम 210 रन ही बना पाई। भारत से अभिषेक शर्मा को 2 विकेट मिले। अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला।
नामीबिया 6 रन से जीता बुधवार को बेंगलुरु के BCCI ग्राउंड-2 पर खेले गए हाई-स्कोरिंग वॉर्मअप मैच में नामीबिया ने स्कॉटलैंड को 6 रन से हरा दिया। स्कॉटलैंड की ओर से ब्रैंडन मैकमुलन ने 95 रन की तेज पारी खेली, लेकिन टीम को जिता नहीं सके। नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 226 रन बनाए। ओपनर जान फ्राइलिंक ने 88 और लॉरेन स्टीनकैंप ने 51 रन बनाए। दोनों ने पावरप्ले में ही 79 रन जोड़ दिए। 11वें ओवर में फ्राइलिंक के आउट होने के बाद कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने नाबाद 33 और रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 25 रन बनाकर स्कोर को मजबूत किया। जवाब में स्कॉटलैंड की शुरुआत खराब रही, लेकिन मैकमुलन ने 39 गेंदों पर 6 चौके और 8 छक्के लगाकर मैच में जान डाल दी। रिची बेरिंगटन ने 46 रन बनाए। आखिरी ओवर में 12 रन चाहिए थे, लेकिन जेजे स्मिट ने सिर्फ 5 रन दिए और बेरिंगटन को आउट कर नामीबिया को जीत दिला दी। अफगानिस्तान ने 23 रन से हराया बेंगलुरु के BCCI CoE ग्राउंड-1 पर अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को 23 रन से हराकर वॉर्मअप मैचों में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 182 रन बनाए। इब्राहिम जदरान ने 51 और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 43 रन बनाए। दोनों के बीच 90 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। अजमतुल्लाह उमरजई ने 18वें ओवर में 24 रन बनाने के बाद रिटायर आउट हुए। वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। उमरजई ने शुरुआती ओवरों में ब्रैंडन किंग और शाई होप को आउट किया। 14वें ओवर की शुरुआत में रोवमैन पॉवेल के आउट होते ही स्कोर 82/7 हो गया। मैथ्यू फोर्ड ने अंत में नाबाद 52 रन जरूर बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। आयरलैंड-पाकिस्तान मैच रद्द कोलंबो में आयरलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला वॉर्मअप मैच बारिश की वजह से टॉस से पहले ही रद्द हो गया। दोनों टीमों के लिए यह इकलौता वॉर्मअप मैच था। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ वर्ल्ड कप का पहला मैच खेलेगा, जबकि आयरलैंड 8 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी। दोनों मुकाबले कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *