BPSC Jobs 2026: TRE 4 के लिए 46 हजार पदों पर होंगी भर्तियां, बिहार लोक सेवा आयोग ने जारी किया नोटिस
बिहार में शिक्षक बनने का सपना देखने वाले लाखों युवाओं के लिए बहुत अच्छी खबर है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4) के लिए बड़ा कदम उठाया है. अब राज्य में करीब 46 हजार शिक्षकों की बहाली होने वाली है. यह जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की तरफ से BPSC को भेजी गई अधियाचना से मिली है.
BPSC ने इस बारे में एक नोटिस जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि शिक्षा विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के स्कूलों में विभिन्न स्तरों पर शिक्षकों की नियुक्ति होगी. ये पद प्राथमिक (कक्षा 1 से 5), मध्य (कक्षा 6 से 8), माध्यमिक (कक्षा 9 से 10) और उच्च माध्यमिक (कक्षा 11 से 12) स्कूलों के हैं.
कितने पदों पर होंगी भर्तियां?
बीपीएससी को भेजी गई अधियाचना के मुताबिक, करीब 46 हजार पदों पर भर्तियों की जाएंगी. इनमें गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स जैसे विषयों में सबसे ज्यादा पद रहने की उम्मीद है. इन विषयों में बच्चों को अच्छे शिक्षक मिल सकेंगे, जिससे पढ़ाई बेहतर होगी. हालांकि, BPSC ने अभी तक आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं किया है, लेकिन जल्द ही ऑनलाइन आवेदन की सूचना मिलने की उम्मीद है. इसका नोटिफिकेशन आने के बाद उम्मीदवार आसानी से फॉर्म भर सकेंगे. आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी.
महिलाओं को मिलेंगे ये फायदे
इस भर्ती में महिलाओं को काफी फायदे होंगे. इसमें बिहार की मूल निवासी महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा. यह आरक्षण केवल बिहार के मूल निवासियों को ही मिलेगा. इससे राज्य की महिलाएं ज्यादा से ज्यादा इस मौके का लाभ उठा सकेंगी. बता दें कि शिक्षक अभ्यर्थी काफी समय से TRE 4 की मांग कर रहे थे. इसे लेकर कई बार प्रदर्शन और मार्च भी हुए. वहीं, बिहार स्टूडेंट यूनियन ने 16 फरवरी को पटना कॉलेज से विधानसभा तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी. पूरे राज्य में आंदोलन होने वाला था, लेकिन अब BPSC ने नोटिस जारी कर दिया है. इससे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है.
क्या होता है इस भर्ती का प्रोसेस?
यह भर्ती बिहार के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में बहुत मदद करेगी. TRE 4 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अच्छी तरह तैयारी करनी चाहिए. इस परीक्षा में सामान्य ज्ञान, विषय संबंधित ज्ञान और शिक्षण योग्यता से सवाल पूछे जाते हैं. पिछले चरणों की तरह इस बार भी लिखित परीक्षा होगी. इसके बाद दस्तावेज जांच और अन्य प्रक्रियाएं होंगी.
ये भी पढ़ें: आरआरबी जेई परीक्षा 2026 की नई तारीखें हुईं जारी, जानें कैंडिडेट्स के लिए क्या है जरूरी?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI