Weather Forecast: दिल्ली में बारिश होगी या नहीं? IMD ने कंफ्यूजन किया दूर, यूपी के लिए भी अलर्ट, जानें देश का मौसम
देशभर में सर्दी अब विदाई की ओर है. दिन में धूप निकलने के कारण ठंड का असर कम होने लगा है. ठंड का प्रकोप कम होने के बीच ही कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली से लेकर मनाली तक बारिश का अलर्ट जारी किया है.
क्या दिल्ली में बारिश होगी?
राजधानी दिल्ली में भी सर्दी कम हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी शुक्रवार (13 फरवरी) को आसमान में बादल छा सकते हैं, हालांकि बारिश के आसार दूर-दूर तक नहीं है. दिल्ली और आस-पास के इलाकों में अभी बारिश की संभावना नहीं है.
यूपी में फिर मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 16 फरवरी से प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में मौसम बदलेगा. आज पश्चिमी और पूर्वी यूपी के सभी 75 जिलों में आसमान साफ होगा. इस दौरान सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का छिछला कोहरा नजर आएगा. हालांकि दिन चढ़ने के साथ तेज तीखी धूप भी खिली रहेगी. कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड होगा. 14 और 15 फरवरी को भी दोनों ही संभाग में मौसम सामान्य रहेगा.
इन जिलों में कैसा रहेगा मौसम
कानपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अमेठी, रायबरेली, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आजमगढ़, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, अयोध्या, गोरखपुर, गाजियाबाद, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बरेली, रामपुर, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, महराजगंज, मऊ, बलिया, देवरिया, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकर नगर, बिजनौर, इटावा और मैनपुरी में शुक्रवार को आसमान साफ होगा.
लखनऊ नोएडा में बदला मौसम
राजधानी लखनऊ में भी मौसम अब बदल रहा है. सुबह और रात को छोड़कर दिन का तापमान तेजी से बढ़ने लगा है. अगले 3 दिनों तक फिलहाल इसमें कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है. उधर दिल्ली से सटे नोएडा में भी मौसम का हाल कुछ ऐसा ही है.
बिहार में कोहरा
बिहार के कई राज्यों में दिन में तेज धूप निकल रही है. धूप की वजह से कई शहरों में लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है. मौसम विभाग ने आज पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. हालांकि 12 बजे के बाद धूप निकल सकती है.
पहाड़ों में कब होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में 16 फरवरी से हल्का मौसम बिगड़ सकता है. हालांकि अभी आसमान साफ रहने की उम्मीद है. IMD के अनुसार 16-17 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है तो वहीं उत्तराखंड में भी 16 फरवरी को बारिश होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें
‘मैं PM का करियर बर्बाद नहीं करना चाहता’, डोनाल्ड ट्रंप के वायरल वीडियो पर MEA का रिएक्शन