हैदराबाद में रफ्तार का कहर! कार के बंपर से शख्स को एक KM तक घसीटा; लोगों ने पीटा, फिर पुलिस को सौंपा


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के कुशैगुडा इलाके में पिछले हफ्ते सोमवार (9 फरवरी, 2026) की रात करीब आठ बजे सड़क पर जो मंजर दिखा, उसने चश्मदीदों की रूह कंपा दी. एक तेज रफ्तार बोलेरो ने न सिर्फ एक कार को टक्कर मारी, बल्कि विरोध करने पर एक शख्स को कुचलने की कोशिश की और उसे गाड़ी के अगले बंपर पर घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर तक मौत की सैर कराई.

इस खौफनाक वारदात में 45 वर्षीय एम. सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके पैर में फ्रैक्चर हो गया और शरीर के निचले अंगों में गहरे जख्म आए. पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों, उप्पारी महेश (23) और अंगंदुला तरुण (22) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

आरोपियों ने कैसे दिया पूरी वारदात को अंजाम?

घटना की शुरुआत मल्लापुर एक्स रोड के पास हुई. पीड़ित पी. राजू अपने सहकर्मियों सतीश और विजय कुमार के साथ अपनी एमजी विंडसर कार से काम खत्म कर रामपल्ली लौट रहे थे. तभी पीछे से आ रही एक बोलेरो (TS09 FP 0094) ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजू की कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं, आरोपी रुकने के बजाय भागने लगे, जिसके बाद राजू ने उनका पीछा किया और एचबी कॉलोनी स्थित एनटीआर प्रतिमा सिग्नल के पास बोलेरो को घेर लिया.

इसके बाद जैसे ही सतीश आरोपियों से पूछताछ करने के लिए बोलेरो के सामने खड़े हुए, ड्राइवर उप्पारी महेश ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी. जान बचाने के लिए सतीश ने बोनट और बंपर को कसकर पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक सतीश को लटका देख रोकने के बजाय हंस रहे थे और गाड़ी को सड़क पर लहराते हुए (जिग-जैग) दौड़ा रहे थे, ताकि वह नीचे गिर जाए. करीब 700 मीटर से एक किलोमीटर तक घसीटे जाने के बाद जब सतीश की पकड़ ढीली हुई, तो बोलेरो का पहिया उनके पैर को कुचलता हुआ आगे निकल गया.

लोगों ने आरोपियों को पकड़ा, की धुनाई, पुलिस के किया हवाले

वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें दबोच लिया. गुस्से में आई भीड़ ने दोनों आरोपियों की जमकर धुनाई भी की और बाद में उन्हें कुशैगुडा पुलिस के हवाले कर दिया. जांच में सामने आया है कि इस बोलेरो पर पहले से ही खतरनाक ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग के दो चालान लंबित थे. सतीश फिलहाल एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और हिट-एंड-रन की धाराओं में मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *