चेन्नई में हाई-प्रोफाइल ठगी! महिला से दोस्ती कर मां-बेटे ने हड़पे करोड़ों के गहने, ब्लैकमेल भी किया


Tamil Nadu News: तमिलनाडु के चेन्नई के पुरसईवाक्कम इलाके में रहने वाली एक व्यवसायी की पत्नी के साथ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता अपने पति के साथ एक अटारी अपार्टमेंट में रह रही थी. साल 2025 में उसी अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर संगीता अपने बेटे दिलीप के साथ रहने आई. इस दौरान संगीता और पीड़िता के बीच दोस्ती हो गई और दोनों का आपस में आना-जाना शुरू हो गया. इसी दौरान संगीता के बेटे दिलीप और पीड़िता के बीच भी नजदीकियां बढ़ गईं.

पुलिस जांच में सामने आया है कि दिलीप और पीड़िता के बीच अवैध संबंध बन गए थे और दोनों अक्सर अकेले में मिलते थे. इस दौरान दिलीप ने जरूरत के बहाने पीड़िता से करीब 850 ग्राम सोना, 120 ग्राम हीरे के आभूषण, 2 किलो चांदी और लगभग 20 हजार रुपये ले लिए. जब पीड़िता ने उससे पैसे और गहने वापस मांगे तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.

दिलीप ने पीड़िता को धमकी दी

आरोप है कि इसके बाद दिलीप ने पीड़िता को धमकी दी कि वह दोनों की निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा और बदनाम कर देगा. जब इस पूरे मामले की जानकारी पीड़िता के पति को हुई तो उन्होंने दिलीप और उसकी मां से पैसे और गहने वापस करने की मांग की. इसके बाद दिलीप और उसकी मां अपार्टमेंट खाली कर फरार हो गए और उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया.

पुलिस फरार आरोपी दिलीप की तलाश में जुटी

पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दिलीप और उसकी मां पर गहने, पैसे हड़पने और निजी तस्वीरों और वीडियो के जरिए धमकाने का आरोप लगाया गया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने बताया कि दिलीप के खिलाफ पहले भी अगस्त 2024 में सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से दोस्ती कर एयर होस्टेस की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज हो चुका है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी दिलीप की तलाश में जुटी हुई है और इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जा रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *