बिहार को जंगलराज से मुक्ति, कुर्ते पर कोई दाग नहीं… अमित शाह ने नीतीश कुमार की जमकर की तारीफ
बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर गृहमंत्री अमित शाह पटना पहुंचे. वह राज्य से उच्च सदन के लिए बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार नामांकन दाखिल कराने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की.
साथ ही कहा कि नितिन नवीन राज्य में लंबे समय तक यशस्वी राजनीति करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं. अब वो राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी अपना योगदान देंगे. हम सब NDA के सदस्य, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में और संसद में स्वागत करते हैं.
बिहार में उनका इतिहास स्वर्णिम पृष्ठ पर लिखा जाएगा: शाह
उन्होंने आगे कहा, ‘आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है. इसके साथ ही बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे. 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे. उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा और बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया. उन्होंने अपने शासन काल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया.’
सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते कुर्ते पर दाग नहीं: शाह
गृहमंत्री ने कहा, ‘उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया. इतने लंबे कार्यकाल में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा. भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो जो नीतीश कुमार ने तय किया है. बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी उनका बहुत बड़ा योगदान रहा. हमेशा नीतीश कुमार सादगी, सूचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे जिनका पालन उन्होंने भी किया. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में अपना योगदान किया.’
पीएम मोदी द्वारा भेजी गईं उनके नेतृत्व में जन-जन तक पहुंची: शाह
गृहमंत्री शाह ने आगे कहा, ‘उनके नेतृत्व में ही पीएम मोदी द्वारा भेजी गई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची. 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के वे प्रमुख नेता रहे हैं और तब से लेकर आज तक पूरा जीवन जे.पी. के सिद्धांतों पर बिताने का प्रयास किया. फिर से एक बार राज्यसभा सांसद होने के नाते वे दिल्ली आ रहे हैं. मैं और NDA के सभी साथी उनका हृदय से स्वागत करते हैं. उनका जो कार्यकाल मुख्यमंत्री होने के नाते हैं, उसे बिहार के लोग याद भी करेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे. मैं फिर से नितिन नवीन और नीतीश कुमार का राज्यसभा में आने पर स्वागत करता हूं.’
नीतीश कुमार ने अपने शासन काल में कोई भ्रष्टाचार नहीं किया: शाह
अमित शाह ने कहा, ‘नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में आ रहे है. बिहार को हर तरह से नीतीश कुमार आगे ले जा रहे है. 1977 के जेपी आंदोलन के नेता नीतीश कुमार थे. लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में आ रहे है. नीतीश कुमार ने अपने शासन काल में कोई भी भ्रष्टाचार नही किया है. नीतीश कुमार ने बिहार के गांव –गांव का विकास किया है. लंबे कैरियर में नीतीश कुमार पर कोई दाग नहीं लगा है. नीतीश कुमार का लंबा राजनीतिक सफर है. बिहार में हर एक गांव और घर में बिजली पहुंचाया है. नीतीश कुमार ने सावर्जनिक जीवन में सुचिता का परिचय दिया है. नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से निकाला है. नीतीश कुमार पर एक भी दाग नहीं लगा है.’