असम में फाइटर जेट सुखोई हुआ क्रैश, वायुसेना के 2 पायलट शहीद
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में बीती रात सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें भारतीय वायु सेना के 2 पायलट शहीद हो गए. वायु सेना ने बताया कि पायलटों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर के रूप में हुई है.
वायु सेना ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि IAF के सभी कर्मी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं.
बता दें कि Su-30MKI एक प्रशिक्षण मिशन पर था और जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद लापता हो गया था और उसके बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह एयरबेस दुर्घटनास्थल से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित है.
अधिकारियों ने बताया था कि रूसी मूल के इस विमान से शाम 7:42 बजे संपर्क टूट गया था. Su-30MKI दो सीटों वाला मल्टीपर्पज फाइटर जेट है, जिसे रूसी विमान निर्माता सुखोई ने विकसित किया है. अब इसका निर्माण भारतीय वायु सेना के लिए लाइसेंस के तहत हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा किया जाता है.