Baramati Plane Crash: हादसे से ठीक पहले अजित पवार ने प्लेन से किया था आखिरी ट्वीट, किसको याद करते हुए लिखा- देशभक्ति से मैं…
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद उनका आखिरी ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ट्वीट में उन्होंने लाला लाजपत राय को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि दी थी. हालांकि, अब यह पोस्ट अजित पवार के पेज पर दिख नहीं रहा है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुबह 8.57 पर अजित पवार ने यह पोस्ट किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा था, ‘देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्य न्यौछावर करने वाले, महान स्वतंत्रता सेनानी, स्वराज्य के अग्रदूत, पंजाब केसरी लाला लाजपत राय जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन! उनकी देशभक्ति हमें सदैव प्रेरित करती रहेगी.’ पोस्ट के आस-पास ही यह घटना हुई है, यानी उस वक्त पर प्लेन में ही थे.

ये पोस्ट अब अजित पवार के एक्स पेज पर नजर नहीं आ रहा है, अब उनका आखिरी पोस्ट मंगलवार (27 जनवरी, 2026) का दिख रहा है, जो उन्होंने मुंबई में हाईलेवल मीटिंग के बाद किया था. पोस्ट में अजित पवार ने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ‘पीएम सेतु’ योजना लागू की जाएगी, जिससे इच्छुक युवाओं को राहत मिलेगी. पहले चरण में, नागपुर, छत्रपति संभाजी नगर और पुणे जिलों के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में इसे लागू किया जाएगा. बाद के चरणों में, राज्य के अन्य संस्थानों को भी इसमें शामिल किया जाएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि ठेकेदारों के लंबे भुगतान के निपटान के लिए ट्रेड्स रिसीवेबल डिस्काउंटिंग सिस्टम (TReDS Platform) शुरू किया जाएगा. यह सिवुधा पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट से जुड़े सूक्ष्म, लघु और मध्यम ठेकेदारों के लिए है.
अजित पवार ने इस पोस्ट में यह भी कहा था कि धुले में जवाहर शेकतरी सहकारी सुतगिरनी का पुनरुद्धार किया जाएगा, जिसके लिए दिल्ली सिफारिश भी भेज दी गई है. उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रयोजनों के लिए आवंटित सरकारी भूमि के पट्टे की अवधि का विस्तार किया जाएगा. केंद्र और राज्य सरकार के नियंत्रण में आने वाली शत्रु संपत्ति पर खरीद और बिक्री पर स्टांप ड्यूटी माफ करने का भी निर्णय लिया गया है.
अजित पवार का बुधवार (28 जनवरी, 2026) को महाराष्ट्र के बारामती में हुए प्लेन क्रैश में निधन हो गया है. वह जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चल रहे चुनावों के बीच सार्वजनिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्राइवेट जेट से मुंबई से बारामती की यात्रा कर रहे थे. विमान में उनके साथ सरकारी कर्मचारी- एक पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर और एक अटेंडेंट भी मौजूद थे. इनके अलावा दो क्रू मेंबर- पायलट इन-कमांड और फर्स्ट ऑफिसर भी थे, कुल मिलाकर पांच लोग विमान पर सवार थे और सभी की हादसे में मौत हो गई है.
यह भी पढ़ें:-
RG कर केस: पीड़िता के माता-पिता का दावा- BJP-TMC समेत कई दलों ने दिया चुनाव लड़ने का ऑफर